चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में 851.94 लाख रुपए के जल संसाधन कार्यों का भूमिपूजन
14 फरवरी 2026,जगदलपुर/विनायक गोयल के मुख्य आतिथ्य में आज लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक, चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में जल संसाधन विभाग द्वारा कुल 851.94 लाख रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत चित्रकोट में तालाब बांध एवं नहर मरम्मत कार्य हेतु 240.61 लाख रुपए, ग्राम पंचायत मांदर में एनीकट निर्माण कार्य हेतु 385.60 लाख रुपए तथा ग्राम पंचायत एरमुर में स्टाफ डेम निर्माण कार्य हेतु 225.73 लाख रुपए की स्वीकृत राशि से भूमिपूजन किया गया। इस प्रकार कुल 851.94 लाख रुपए की लागत से क्षेत्र में जल संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार का मार्ग प्रशस्त हुआ।

अपने संबोधन में विधायक विनायक गोयल ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के किसानों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और जल संरक्षण उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से किसानों को वर्षभर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, भू-जल स्तर में सुधार होगा तथा खेती-किसानी को मजबूती मिलेगी। साथ ही पशुपालन एवं अन्य आजीविका गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि हर खेत तक पानी पहुंचे और किसान आत्मनिर्भर बनें।

विधायक गोयल ने यह भी कहा कि जल ही जीवन का आधार है और जल संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। तालाब, एनीकट और स्टाफ डेम जैसी संरचनाएं न केवल सिंचाई के लिए उपयोगी हैं, बल्कि वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संतुलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को शीघ्र लाभ मिल सके।

विनायक गोयल ने कहा कि चित्रकोट क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है, लेकिन सिंचाई सुविधाओं के अभाव में किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा था। अब इन कार्यों के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचेगा, जिससे धान के साथ-साथ दलहन, तिलहन और सब्जी उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत किया और विधायक विनायक गोयल एवं जल संसाधन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से तालाब एवं नहरों की मरम्मत तथा नई जल संरचनाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब इन कार्यों के शुरू होने से क्षेत्र में जल संकट की समस्या में कमी आएगी।
इस अवसर कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी, जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान कश्यप, जनपद अध्यक्ष पदमा कश्यप, जनपद उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, पूर्व विधायक लच्छुराम कश्यप, मण्डल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप, पूर्व मण्डल अध्यक्ष नरसिंह ठाकुर, मण्डल महामंत्री सावेन्द्र सेठिया जी, भरत कश्यप, उमेन्द्र ठाकुर, विनय मौर्य, गुड्डू राम, सुदरू सेठिया, लखन ठाकुर, धनी राम बघेल, रैतुराम कश्यप, ईश्वर बघेल, गल्लोबाई बघेल, बुटकी बाई, सोनमती मौर्य, सोनसाय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।