अधिकारी कर रहे धान खरीदी केन्द्रों का ,आकस्मिक निरीक्षण–
जगदलपुर, 18 नवम्बर 2025 / कलेक्टर श्री हरिस एस के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी के लिए धान उपार्जन केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की सुलभता हेतु अधिकारियों द्वारा आकस्मिक निरीक्षण कर किसानों को टोकन प्रदाय सहित तौल की व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता, पेयजल एवं शौचालय इत्यादि व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है और किसानों को धान खरीदी हेतु सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए पहल किया जा रहा है। एसडीएम तोकापाल श्री शंकर सिन्हा ने बताया कि मंगलवार को तोकापाल एवं रायकोट धान उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण कर इन दोनों धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी हेतु टोकन प्रदाय शुरू करवाया गया।

इस दौरान बड़े मारेंगा धान खरीदी केन्द्र में मंगलवार को एक कृषक कोंदाराम कश्यप द्वारा धान विक्रय किया गया। इन तीनों धान उपार्जन केन्द्रों में सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक और लैम्प्स मैनेजर द्वारा मौके पर मौजूद रहकर धान खरीदी केन्द्र में पर्याप्त बारदाने सहित इलेक्ट्रॉनिक तौल की व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, डनेज की उपलब्धता इत्यादि को सुनिश्चित किया गया। इन केन्द्रों में धान खरीदी के लिए सहकारी समिति के अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, साथ ही नियमित तौर पर मॉनिटरिंग के लिए राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को नोडल अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है।