अवैध धान पर राजस्व अधिकारियों द्वारा कार्यवाही, 150 बोरा धान ज़ब्त
जगदलपुर ,19नवंबर 2025/ धान खरीदी सीज़न के दौरान ज़िले में अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री हरिस एस के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग लगातार सख़्त कार्रवाई किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा अवैध खरीद-फरोख्त में शामिल कोचियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में लगातार संदिग्ध स्थानों और कोचियों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। नानगुर तहसील के अंतर्गत ग्राम मांझीगुड़ा में अवैध रूप से धान रखे जाने की शिकायत प्राप्त होने पर जाँच की गई एवं 150 बोरा धान ज़ब्त किया गया।
अवैध धान के परिवहन को रोकने के उद्देश्य से जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का नंबर 7489807170 जारी किया गया है, जिस पर कोई भी नागरिक अवैध धान, कोचियों की गतिविधियों या अन्य राज्य से आने वाले धान की सूचना दे सकता है। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को भी जानकारी उपलब्ध कराई जा सकती है।