कन्द फसल परियोजना के अन्तर्गत किसानों को मिला एक दिवसीय प्रशिक्षण
जगदलपुर, 07 मार्च 2026/ परिक्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केन्द्र कुम्हरावण्ड जगदलपुर में संचालित अखिल भारतीय समन्वित कन्द फसल अनुसंधान परियोजना के तहत अनुसूचित जाति उप योजना के अन्तर्गत गत दिवस कंदीय फसलों पर एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बेलर, देवगांव और टाकरागुड़ा के 30 से अधिक किसान शामिल हुए। प्रशिक्षण में मुख्य अतिथि के रूप में अधिष्ठाता शहीद गुण्डाधूर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र जगदलपुर डॉ. आरएस नेताम ने किसानों को कन्दीय फसलों की खेती के फायदे बताते हुए कन्द वर्गीय फसल को अपनाने का सुझाव दिया।

वहीं सह-संचालक अनुसंधान परिक्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्र जगदलपुर डॉ.एके ठाकुर के द्वारा किसानों को कंदवर्गीय फसलो में खरपतवार प्रबंधन की जानकारी प्रदान की गई एवं खरपतवार प्रबंधन के अनेक रासायनिक और जैविक उपाय बताए। कन्द फसल अनुसंधान परियोजना प्रभारी डॉ. पद्माक्षी ठाकुर ने किसानों को कन्द वर्गीय प्रक्षेत्र का भम्रण करवाते हुए अलग अलग कंदीय फसलों के उत्पादन तकनीक एवं किस्मों की जानकारी देते हुए खेती की उन्नत तकनीक को अपनाने की सलाह देते हुए तिखुर प्रसंस्करण प्रक्रिया की जानकारी भी दी। इसके अलावा किसानों को डॉ. एनसी मण्डावी ने कन्द वर्गीय फसलों में कीट प्रबंधन एवं बचाव के बारे में किसानों को जानकारी दी। श्री प्रहलाद नेताम ने कन्द वर्गीय फसलों में लगने वाले बीमारियों की जानकारी देने के साथ ही इससे बचाव के उपाय भी बताए। डॉ. गुंजा ठाकुर ने कन्द फसल के भण्डारण की जानकारी भी साझा की। प्रशिक्षण के उपरान्त किसानो को स्प्रेयर (छिड़कने वाला यंत्र) भी वितरण किया गया। उपरोक्त कार्यक्रम में डॉ. सोनाली कर, श्री देवचंद सलाम, डॉ. कोठारी एवं सोमा बन्छोर भी उपस्थित थे।