जिले में खाद बीज बिक्री में अनियमितता पर हुई कार्रवाई

सात केंद्रों की बिक्री प्रतिबंधित, तीन को नोटिस

Apr 6, 2026 - 19:43
जिले में खाद बीज बिक्री में अनियमितता पर हुई कार्रवाई
CG VARTA -

जगदलपुर, 06 अप्रैल 2026/ बस्तर जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी और निर्धारित नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के सख्त निर्देशों का पालन करते हुए सोमवार 06 अप्रैल को कृषि विभाग के गुण नियंत्रण उड़नदस्ता दल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उर्वरक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

      इस सघन जांच अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कड़े कदम उठाए हैं।

           निरीक्षण की इस कड़ी में उड़नदस्ता दल ने कुल 10 प्रमुख खाद केंद्रों की जांच की, जिसमें रिकॉर्ड में विसंगति और विक्रय नियमों की अनदेखी पाए जाने पर 07 केंद्रों की बिक्री पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है। इन केंद्रों में बकावण्ड विकासखंड का जितेन्द्र पानीग्राही कृषि केन्द्र (उलनार), शिवाय कृषि केन्द्र जगदलपुर व सेठिया कृषि केन्द्र जगदलपुर, बस्तर विकासखंड के दीवान कृषि केन्द्र (लामकेर) सहित सालेमेटा के बघेल ट्रेडर्स व बघेल कृषि ट्रेडिंग और रिन्टू कृषि केन्द्र लोहण्डीगुड़ा शामिल हैं। इन सभी संस्थानों में मिली खामियों को देखते हुए आगामी आदेश तक खाद की बिक्री रोक दी गई है।

          कार्यवाही के दौरान केवल प्रतिबंध ही नहीं बल्कि स्पष्टीकरण की प्रक्रिया भी अपनाई गई है। प्रशासन ने लामकेर स्थित कुंवर और शंकर कृषि केन्द्र के साथ-साथ तारापुर के दक्ष कृषि केंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

        कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि किसानों को खाद की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में इस प्रकार के औचक निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि उर्वरकों की कालाबाजारी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।