कलेक्टर श्री हरिस एस ने लोहंडीगुड़ा क्षेत्र के मतदाताओं से सीधा संवाद कर परखी पुनरीक्षण की गुणवत्ता

Nov 26, 2025 - 21:20
कलेक्टर श्री हरिस एस ने लोहंडीगुड़ा क्षेत्र के मतदाताओं से सीधा संवाद कर परखी पुनरीक्षण की गुणवत्ता
CG VARTA -

जगदलपुर, 26 नवम्बर 2025/ लोकतंत्र के आधार स्तंभ मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री हरिस एस ने बुधवार को लोहंडीगुड़ा तहसील में व्यापक भ्रमण कर दाबपाल के पुजारीपारा, नेगीरास, पारापुर और गढ़िया जैसे क्षेत्रों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का न केवल जायजा लिया, बल्कि स्थानीय मतदाताओं से सीधे मिलकर फीडबैक भी लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान बूथ स्तरीय अधिकारियों से प्रपत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया समझी।

      इसके साथ ही आस-पास के मतदाताओं से बातचीत कर उनसे पूछा कि क्या बीएलओ उनके निवास स्थान तक पहुँचे हैं, और क्या उनके परिवार में किसी का नाम जोड़ने या हटाने की आवश्यकता थी, जिसे अधिकारियों ने सत्यापन कर दर्ज किया है। इस दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि मतदाताओं का विश्वास ही इस कार्य की सफलता का प्रमाण है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न हो और सूची में कोई भी त्रुटि न रहे।

       कलेक्टर श्री हरिस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य सजगतापूर्वक पारदर्शी और जन-केंद्रित होना चाहिए। नेगीरास और गढ़िया में भी उन्होंने लोगों से मिलकर कार्य की प्रगति को परखा। इस दौरान तहसीलदार एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री कैलाश पोयाम, सीईओ जनपद पंचायत श्री धंनेश्वर पाण्डेय और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।