बाकेल में डिजिटल क्रांति का आगाज,जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का लोकार्पण

रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

May 8, 2026 - 17:10
बाकेल में डिजिटल क्रांति का आगाज,जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का लोकार्पण
CG VARTA -

जगदलपुर, 8 मई 2026/ ग्रामीण क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने और शासन की योजनाओं को सीधे ग्रामीणों के द्वार तक पहुँचाने की दिशा में शुक्रवार को बस्तर विकासखंड की ग्राम पंचायत बाकेल में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली। यहाँ नवनिर्मित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का भव्य शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस केंद्र की स्थापना से अब बाकेल और आसपास के ग्रामीणों को ऑनलाइन सेवाओं, बैंकिंग कार्यों और सरकारी दस्तावेजों के लिए लंबी दूरी तय कर शहर जाने की मजबूरी से मुक्ति मिलेगी।

        कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री संतोष बघेल और जिला पंचायत सदस्य श्री निर्देश दीवान ने विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत स्थानीय परंपराओं के साथ किया गया, जिसके पश्चात मुख्य अतिथि श्रीमती वेदवती कश्यप ने केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि अटल डिजिटल सुविधा केंद्र न केवल तकनीकी प्रगति का प्रतीक है, बल्कि यह ग्रामीणों के समय और धन की बचत करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत स्तर पर शुरू हुई यह सुविधा पारदर्शिता लाने और जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित निराकरण में सहायक सिद्ध होगी।

     इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्री संतोष बघेल और जिला पंचायत सदस्य श्री निर्देश दीवान ने भी ग्रामीणों को इस नई सुविधा की बधाई दी और केंद्र के संचालन के लाभों पर चर्चा की। कार्यक्रम में क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्राम विकास के लिए एक मील का पत्थर बताया। उद्घाटन के साथ ही केंद्र में डिजिटल सेवाओं का संचालन शुरू कर दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।