कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने ली स्कूल शिक्षा विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक

ड्रॉप आउट बच्चों को पुनः स्कूल से जोड़ने करें सकारात्मक पहल-कमिश्नर डोमन सिंह

Jul 23, 2026 - 20:50
कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने ली स्कूल शिक्षा विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक
CG VARTA -

जगदलपुर, 23 जुलाई 2026/ कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने बुधवार को स्कूल शिक्षा विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और शत-प्रतिशत बच्चों की विद्यालयों में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल छोड़ चुके ड्रॉप आउट बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

       बैठक में कमिश्नर श्री सिंह ने कहा कि ड्रॉप आउट बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा में लाने के लिए शिक्षकों, पालकों, ग्राम पंचायतों एवं स्थानीय समुदाय के सहयोग से सकारात्मक पहल की जाए। उन्होंने इस कार्य की नियमित समीक्षा कर प्रभावी परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

         उन्होंने मध्यान्ह भोजन योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और नियमितता पर विशेष ध्यान देने के साथ ही इसकी सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

          बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने कहा कि पात्र छात्राओं को सरस्वती सायकल योजना के तहत समय पर लाभान्वित किया जाए, ताकि उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिले और वे नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।

           बैठक में कमिश्नर ने सभी शासकीय विद्यालयों में इस माह के अंत तक अनिवार्य रूप से एक बार न्यौता भोज आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में स्वयंसेवी संस्थाओं, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा समाजसेवियों का सहयोग लिया जाए, जिससे विद्यालय और समाज के बीच सहभागिता मजबूत हो तथा विद्यार्थियों में आत्मीयता और उत्साह का वातावरण बने।

             कमिश्नर श्री सिंह ने अधिकारियों से कहा कि शिक्षा विभाग की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विद्यालयों में नियमित मॉनिटरिंग, शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी तथा सामुदायिक सहयोग के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाने पर बल दिया।

                बैठक में निःशुल्क पाठ्य पुस्तक, गणवेश वितरण सहित जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र प्रदाय, अपार आईडी निर्माण, पीएम पोषण, शक्ति योजना, विद्युत विहीन शालाओं में बिजली आपूर्ति, नवीन शाला भवनों के निर्माण और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। इस बैठक में संभागीय संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा श्री एचआर सोम और सहायक संचालक श्री राजेश कर्मा एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे। वहीं जिलों से जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा और खंड शिक्षा अधिकारी, खंड स्रोत समन्वयक वर्चुअल तौर पर जुड़े रहे।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।