उल्लास केंद्रों के नियमित संचालन और महापरीक्षा की तैयारियों पर जोर

उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की समीक्षा बैठक संपन्न, संकुल समन्वयकों को दिए आवश्यक निर्देश *

Jul 25, 2026 - 19:48
उल्लास केंद्रों के नियमित संचालन और महापरीक्षा की तैयारियों पर जोर
CG VARTA -

25 जुलाई 2026, बस्तर। जनपद पंचायत बस्तर में शनिवार को उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विकासखंड बस्तर के एबीईओ एवं उल्लास कार्यक्रम के विकासखंड नोडल अधिकारी सुशील कुमार तिवारी ने की। बैठक में विकासखंड के सभी संकुल समन्वयकों ने भाग लिया।

बैठक में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित सभी उल्लास केंद्रों के नियमित संचालन, सतत निरीक्षण एवं प्रभावी मॉनिटरिंग पर विशेष बल दिया गया। आगामी उल्लास महापरीक्षा को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

समीक्षा बैठक में विद्यार्थियों के जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र समय पर बनवाने, अंकसूची में त्रुटियों का शीघ्र निराकरण कराने, जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए पात्र विद्यार्थियों के आवेदन भरवाने तथा राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा के लिए चयनित विद्यार्थियों का 30 जुलाई तक अनिवार्य रूप से पंजीयन कराने पर विस्तृत चर्चा की गई।

इसके अलावा वीएसके ऐप में प्रतिदिन विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज करने, विनोबा ऐप पर "बोलेगा बचपन" गतिविधि के वीडियो नियमित रूप से अपलोड करने, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का सुचारु संचालन, विद्यालय एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई तथा विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के अंत में एबीईओ एवं विकासखंड नोडल अधिकारी सुशील कुमार तिवारी ने सभी संकुल समन्वयकों से शासन के निर्देशों का गंभीरतापूर्वक पालन करते हुए विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने, शैक्षणिक गतिविधियों की सतत निगरानी रखने तथा शासन की सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समन्वित प्रयासों से ही विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सकती है।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।