महतारी वंदन से परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ बेटी के भविष्य के लिए बचत कर रहीं सतबत्ती कश्यप

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Aug 27, 2026 - 17:41
महतारी वंदन से परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ बेटी के भविष्य के लिए बचत कर रहीं सतबत्ती कश्यप
सुकन्या समृद्धि योजना में कर रहीं निवेश, बिहान समूह से जुड़कर वनोपज कारोबार और मछलीपालन से भी बढ़ा रहीं आय
CG VARTA -

जगदलपुर, 27 अगस्त 2026/ जिले के विकासखंड बस्तर अंतर्गत ग्राम भैंसगांव निवासी सतबत्ती कश्यप के लिए राज्य शासन की महतारी वंदन योजना आर्थिक संबल का मजबूत माध्यम बन रही है। योजना से प्राप्त सहायता राशि का उपयोग वह घरेलू जरूरतों और बच्चों की पढ़ाई में सहयोग के लिए करने के साथ अपनी बेटी के सुरक्षित भविष्य के लिए भी कर रही हैं। सतबत्ती अपनी पुत्री दीपिका के नाम पर पोस्ट ऑफिस में सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बचत कर रही हैं, ताकि भविष्य में जरूरत के समय यह राशि परिवार के काम आ सके।सतबत्ती ने राज्य शासन द्वारा महतारी वंदन योजना की राशि को रक्षाबंधन के पहले प्रदान करने के लिए सतबत्ती ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद दिया। वहीं इसे सराहनीय पहल निरूपित करते हुए कहा कि इससे त्यौहार की खुशी दुगुनी हो गई है।

*समूह से जुड़कर बनाई आत्मनिर्भरता की राह*

          सतबत्ती वर्ष 2010 से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के स्व सहायता समूह से जुड़ी हैं। समूह की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर वह क्षेत्र के हाट-बाजारों में वनोपज के संग्रहण, खरीदी और बिक्री का कार्य करती हैं। इसके साथ ही वह गांव में उचित मूल्य की दुकान का संचालन भी कर रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से महिला समूह की सदस्यों को रोजगार और आय का अवसर मिल रहा है।

*समूह के ऋण से शुरू किया मछलीपालन*

       सतबत्ती ने आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ते हुए स्व सहायता समूह से ऋण लेकर अपने परिवार की भूमि पर निर्मित डबरी में मछलीपालन का व्यवसाय भी शुरू किया है। मछलीपालन से उन्हें अच्छी आमदनी प्राप्त हो रही है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मदद मिल रही है। बिहान समूह से मिली वित्तीय सहायता और मार्गदर्शन ने उन्हें आय के अतिरिक्त साधन विकसित करने का अवसर दिया है।

*रक्षाबंधन से पहले सहायता राशि मिलने पर जताया आभार*

        सतबत्ती ने रक्षाबंधन पर्व से पहले महतारी वंदन योजना की सहायता राशि मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि योजना की राशि से परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ बच्चों की पढ़ाई और बेटी के भविष्य के लिए बचत करना संभव हो रहा है।

     सतबत्ती कश्यप की कहानी रेखांकित करती है कि शासकीय योजनाओं का लाभ जब महिला की मेहनत, समूह से जुड़ाव और बचत की सोच के साथ जुड़ता है, तो वह परिवार की आर्थिक मजबूती के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य की नींव भी तैयार कर सकती है।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।