बस्तर के विद्यालयों में 14.50 करोड़ की लागत से बनेंगे 327 बालिका शौचालय

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Sep 15, 2026 - 17:34
Sep 15, 2026 - 17:44
बस्तर के विद्यालयों में 14.50 करोड़ की लागत से बनेंगे 327 बालिका शौचालय
CG VARTA -

जगदलपुर, 15 सितंबर 2026/ बस्तर जिले के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में अध्ययनरत बालिकाओं को बेहतर स्वच्छता, स्वास्थ्य और गरिमापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। वीबी जी रामजी के तहत जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्थित शौचालय विहीन माध्यमिक शालाओं, हाई स्कूलों और हायर सेकेंडरी स्कूलों में कुल 327 बालिका शौचालयों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस व्यापक परियोजना के लिए 14 करोड़ 49 लाख 93 हजार 200 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे स्कूलों के बुनियादी ढांचे में ठोस सुधार देखने को मिलेगा।

           इस परियोजना के तहत जनपद पंचायतवार कार्य योजना तैयार कर आवश्यक वित्तीय आवंटन भी कर दिया गया है। इसके अंतर्गत बस्तर और जगदलपुर जनपद में सर्वाधिक 72-72 शौचालयों का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए क्रमशः 3 करोड़ 20 लाख 19 हजार रुपये तथा 3 करोड़ 14 लाख 12 हजार 100 रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी क्रम में लोहंडीगुड़ा जनपद में 52 शौचालयों के लिए 2 करोड़ 23 लाख 46 हजार 400 रुपये और बकावंड जनपद में 45 शौचालयों के निर्माण हेतु 1 करोड़ 96 लाख 97 हजार 400 रुपये की राशि मंजूर की गई है।

इसके अलावा बास्तानार जनपद में 1 करोड़ 38 लाख 17 हजार 500 रुपये की लागत से 31, तोकापाल में 1 करोड़ 31 लाख 12 हजार 300 रुपये से 29 तथा दरभा जनपद में 1 करोड़ 15 लाख 88 हजार 600 रुपये की लागत से 26 बालिका शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। शौचालय के अभाव में छात्राओं को होने वाली असुविधा और पढ़ाई में आने वाली बाधाओं को दूर करने की दिशा में यह पहल मील का पत्थर साबित होगी।

स्वच्छ और सुरक्षित बुनियादी सुविधाएं मिलने से न केवल स्कूलों में बालिकाओं की नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, बल्कि उनके स्वास्थ्य और आत्मसम्मान की रक्षा के साथ-साथ एक अनुकूल शैक्षणिक परिवेश भी सुनिश्चित हो सकेगा।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।