छिंदबहार स्कूल के छात्रों और शिक्षकों ने कलेक्टर को सौंपी राहत राशि

आपदा पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए स्कूली बच्चे

Sep 29, 2026 - 20:32
छिंदबहार स्कूल के छात्रों और शिक्षकों ने कलेक्टर को सौंपी राहत राशि
CG VARTA -

जगदलपुर, 29 सितंबर 2026/ बस्तर संभाग में हाल ही में आई सदी की सबसे भयानक प्राकृतिक आपदा के बीच मानवीय संवेदना और सामाजिक एकजुटता की एक प्रेरक मिसाल सामने आई है। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव के कारण 23 से 26 सितम्बर के दौरान पूरे अंचल में लगातार मूसलाधार बारिश हुई थी।

इस भीषण वर्षा के चलते पड़ोसी राज्य ओड़िशा स्थित खातीगुड़ा और मुरान बांध के गेट खोलने पड़े, जिससे नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया और बस्तर में आई भीषण बाढ़ ने पिछले 50 वर्षों के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। इस जलप्रलय से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और निचले इलाकों में भारी तबाही मची है।

आपदा की इस विषम परिस्थिति में प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए दरभा विकास खंड के ग्राम छिंदबहार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की है।

 स्कूल के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट स्थित प्रेरणा कक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक के दौरान पहुंचकर कलेक्टर आकाश छिकारा से मुलाकात की और बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अपनी ओर से 5,001 रुपये की आर्थिक सहायता राशि सौंपी।

इस संकट की घड़ी में एक ग्रामीण सरकारी स्कूल के बच्चों और शिक्षकों द्वारा की गई इस आत्मीय पहल की कलेक्टर ने भूरि-भूरि प्रशंसा की, जिसकी पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।