शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय में धूमधाम से मनी गांधी जयंती, छात्रों ने प्रभात रैली और श्रमदान से दिया स्वच्छता व स्वदेशी का संदेश

रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

Oct 3, 2026 - 20:01
शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय में धूमधाम से मनी गांधी जयंती, छात्रों ने प्रभात रैली और श्रमदान से दिया स्वच्छता व स्वदेशी का संदेश
CG VARTA -

जगदलपुर, 3 अक्टूबर 2026/ शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुम्हरावंड (जगदलपुर) में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती सादगी एवं गरिमामयी वातावरण में मनाई गई। राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ एके ठाकुर, विशिष्ट अतिथि डॉ एनसी मंडावी, डॉ तेजपाल चंद्राकर, सूबेदार मेजर मिथिलेश द्विवेदी, हवलदार खगेश्वर माझी और हवलदार निरोज नायक की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

समारोह की शुरुआत सुबह सात बजे महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई प्रभात रैली से हुई, जिसमें नारों और तख्तियों के माध्यम से समाज को स्वच्छता का संदेश दिया गया। रैली के तुरंत बाद 'स्वच्छ भारत अभियान' के तहत सामूहिक श्रमदान का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने मिलकर कॉलेज परिसर, गणेश पंडाल, ऑडिटोरियम और तालाब के आसपास के क्षेत्रों की सघन सफाई की। स्वच्छता अभियान के उपरांत अतिथियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराते हुए ऑडिटोरियम के समीप पौधारोपण किया गया।

विद्यार्थियों में गांधी और शास्त्री जी के जीवन मूल्यों को रोपने के उद्देश्य से भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ एके ठाकुर ने बापू के संघर्षों को याद करते हुए युवाओं से सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने रेखांकित किया कि जिस तरह चरखे के माध्यम से गांधी जी ने स्वदेशी को विश्व पटल पर स्थापित किया, उसी तरह आज के युवाओं को भी आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

संपूर्ण कार्यक्रम उद्यानिकी वैज्ञानिक डॉ पद्माक्षी ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें डॉ गूंजा ठाकुर, डॉ महेश एस श्रीसंत, डॉ शंकर लाल और  संदीप कुमार जोशी का विशेष सहयोग रहा।

 मंच का प्रभावी संचालन छात्रा कृष्णा ने किया और आभार प्रदर्शन छात्र भोजराज साहू द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में छात्र अक्षय दीवान, हेमलता टंडन, गुंजा सेन, जयंत रजवाड़े और कोनाल वारे सहित महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।