कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप और दिनेश कश्यप को मातृ-शोक ,फरसागुड़ा में अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
जगदलपुर, 21 दिसम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप और जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप की माताजी श्रीमती मनकी देवी कश्यप के निधन से पूरे बस्तर अंचल और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

उनके देहावसान की खबर मिलते ही उनके गृहग्राम फरसागुड़ा में शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। दुख की इस घड़ी में कश्यप परिवार को संबल प्रदान करने और दिवंगत आत्मा के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में आम नागरिक, समर्थक और जनप्रतिनिधि वहां पहुंचे।

मातृ-शोक की खबर पाकर प्रदेश के कई दिग्गज नेता और जनप्रतिनिधि अपना दुख साझा करने फरसागुड़ा पहुंचे। प्रदेश के शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव और दंतेवाड़ा विधायक श्री चैतराम अटामी ने वहां पहुंचकर दिवंगत श्रीमती मनकी देवी कश्यप के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान नेताओं ने शोकाकुल मंत्री श्री केदार कश्यप और श्री दिनेश कश्यप से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।

शोक व्यक्त करने वालों में अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूपसिंह मंडावी, पूर्व विधायक श्री संतोष बाफना और श्री मोहन मरकाम भी प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी फरसागुड़ा पहुंचकर दिवंगत आत्मा को नमन किया। उपस्थित जनसमूह ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और कश्यप परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।