बस्तर संभाग के धान खरीदी केंद्रों में ,धान का उठाव नहीं होने से भारी किल्लत–
जगदलपुर 29 दिसम्बर 2025/ बस्तर संभाग के धान खरीदी केंद्रों में परिवहन की व्यवस्था सुचारू नहीं होने के कारण धान का उठाव पूरे संभाग में ढप पड़ा हुआ है।, समय पर धान खरीदी केंद्रों से धान का परिवहन नहीं होने से, खरीदी केंद्रों में जगह की भारी कमी हो गई है, जिससे खरीदी प्रभारीयों की चिंताएं लगातार बढ़ती जा रही है ,यह समस्या पूरे बस्तर संभाग में है।

खरीदी केंद्रों में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी तो की जा रही है लेकिन परिवहन और उठाव की धीमी प्रक्रिया के कारण केंद्रों में रखे धान के ढेर बढ़ते जा रहे हैं। कई केंद्रों में भंडारण क्षमता पूरी तरह भर चुकी है, जिससे नई धान के लिए स्थान नहीं बचा है। ऐसे में खरीदी कार्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
धान का उठाव नहीं होने से खरीदी केंद्र प्रभारियों को धान की सुरक्षा को लेकर भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।, खुले में रखे धान के खराब होने, नमी और मौसम की मार से नुकसान की आशंका बनी हुई है। साथ ही केंद्रों पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो रही है, खरीदी प्रभारीयों का कहना है कि बार-बार संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया जा रहा है लेकिन परिवहन व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा है। यदि जल्द ही धान उठाव , प्रक्रिया तेज नहीं की गई तो, आने वाले दिनों की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।

किसानों को इस समस्या का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है, क्योंकि जगह की कमी के कारण कई केंद्रों पर खरीदी रोकने की नौबत आ सकती है। इससे किसानों को अपने धान के साथ वापस घर लौटना पड़ सकता है, या धान बेचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
स्थानीय प्रशासन से खरीदी प्रभारी और किसानों ने मांग की है कि परिवहन व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त किया जाए ,ताकि धान का समय पर उठाव हो सके। और खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रह सके।