बैलाडिला डिपॉजिट- 4 में खदान खोलने का विरोध, स्थानीय युवाओं का पहाड़ पर प्रदर्शन
4 जनवरी 2026 दंतेवाड़ा/बस्तर–बैलाडिला क्षेत्र के डिपॉजिट-4 में प्रस्तावित खनन कार्य को लेकर स्थानीय युवाओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। रविवार को बड़ी संख्या में युवा पहाड़ पर पहुंचे और खदान खोलने के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे अपने क्षेत्र के पहाड़ों को कटने नहीं देंगे और खनन से होने वाले पर्यावरणीय व सामाजिक नुकसान को स्वीकार नहीं करेंगे।
प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने आरोप लगाया कि खनन से स्थानीय निवासियों की आजीविका, जल स्रोत और जंगलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने मांग की कि खनन से पहले ग्रामसभा की सहमति, पर्यावरणीय प्रभावों का स्पष्ट अध्ययन और स्थानीय लोगों की राय को प्राथमिकता दी जाए।
इस विरोध प्रदर्शन को कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) का भी समर्थन मिला। संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि बस्तर की प्राकृतिक संपदा पर पहला अधिकार स्थानीय आदिवासी समुदायों का है।
वहीं, प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही गई है। अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और सभी पक्षों से संवाद के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।