डिजिटल क्रांति , 9 फरवरी से शुरू होगा ई-ऑफिस का विशेष प्रशिक्षण अभियान
जगदलपुर, 5 फरवरी 2025/ छत्तीसगढ़ के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में प्रशासनिक दक्षता और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक अहम पहल की है। बस्तर संभाग के सभी जिलों में सरकारी कामकाज को 'ई-ऑफिस' प्रणाली के माध्यम से हाईटेक बनाने के लिए सोमवार 9 फरवरी से विशेष प्रशिक्षण अभियान का आगाज होने जा रहा है । सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार बस्तर संभाग के अंतर्गत आने वाले कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों में 09 फरवरी से 17 फरवरी तक सघन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे ।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बस्तर जैसे संवेदनशील और दूरस्थ क्षेत्रों में भी फाइलों के मूवमेंट को पेपरलेस और त्वरित बनाना है। इस दौरान ई-ऑफिस, स्पैरो, ई-एचआरएमएस और आईगॉट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का गहन प्रशिक्षण दो पालियों में दिया जाएगा।
प्रशासन ने निर्देशित किया है कि जिले के प्रत्येक विभाग और अधीनस्थ कार्यालय से कम से कम दो अधिकारियों या कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए ताकि ई-गवर्नेंस को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाया जा सके ।
बस्तर को प्राथमिकता देने के साथ ही यह अभियान पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। जहाँ बस्तर और रायपुर संभाग में 9 फरवरी से प्रशिक्षण शुरू होगा, वहीं दुर्ग और बिलासपुर संभाग में 16 फरवरी से तथा सरगुजा संभाग में 23 फरवरी से प्रशिक्षण का दौर शुरू होगा। किसी भी तरह के समन्वय के लिए बस्तर संभाग के अधिकारी उप सचिव शैलाभ साहू और अवर सचिव अंजू सिंह से संपर्क कर सकते हैं, ताकि डिजिटल सशक्तिकरण की इस मुहिम में कोई बाधा न आए ।