विधायक श्री किरण सिंह देव ने जगदलपुर को दी 22.67 करोड़ के कार्यों की सौगात

हीमोडायलिस, पेलियटिव केयर कैंसर क्लीनिक, बिल्डिंग, सड़क चैड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्यों का किया भूमिपूजन

Mar 25, 2026 - 21:01
विधायक श्री किरण सिंह देव ने जगदलपुर को दी 22.67 करोड़ के कार्यों की सौगात
CG VARTA -

जगदलपुर, 25 मार्च 2026/ बस्तर संभाग का हृदय स्थल जगदलपुर बुधवार को विकास की एक नई इबारत का साक्षी बना, जब जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव ने विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। बस्तर विकास की ओर अग्रसर के संकल्प को दोहराते हुए विधायक श्री देव ने कुल 22 करोड़ 67 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का विधिवत भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस व्यापक अभियान के केंद्र में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाना रहा, जो राज्य सरकार की अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुँचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

       विकास के इस क्रम में स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। महारानी अस्पताल परिसर अब आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस होने जा रहा है, जहाँ 4 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से हीमोडायलिसिस, पैलिएटिव केयर और कैंसर क्लिनिक बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही अस्पताल की प्रशासनिक और रिकॉर्ड व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 4 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले एमआरडी भवन की आधारशिला भी रखी गई।

     बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। शहर की एक प्रमुख और बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए माड़िया चैक से बोधधाट थाना तक सड़क चैड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया, जिस पर 4 करोड़ 99 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। साथ ही 7 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दो नवीन वित्त कार्यालय भवनों का भूमिपूजन और 80 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित उप संचालक उद्यान भवन का लोकार्पण भी संपन्न हुआ।

इस अवसर पर नागरिकों को संबोधित करते हुए श्री किरण देव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर को मुख्यधारा से जोड़ना और सुशासन का लाभ पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही सरकार का मुख्य ध्येय है। उन्होंने कहा कि जगदलपुर शहर के सर्वांगीण विकास के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और आने वाले समय में विकास की यह धारा अनवरत जारी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान बेवरेज कारपोरेशन अध्यक्ष श्रीनिवास राव और निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन ने भी विधायक श्री देव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में जन भावनाओं के अनुरूप विकास कार्य तेज गति से हो रहे हैं। इस गरिमामयी समारोह में पूर्व महापौर श्रीमती सफीरा साहू, एमआईसी सदस्यों, पार्षदों और विभागीय अधिकारियों सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।