स्थानीय उत्पादों को मिलेगी वैश्विक पहचान , रैंप योजना के तहत आयोजित की गई निर्यात कार्यशाला

रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

Apr 17, 2026 - 21:08
स्थानीय उत्पादों को मिलेगी वैश्विक पहचान , रैंप योजना के तहत आयोजित की गई निर्यात कार्यशाला
CG VARTA -

जगदलपुर, 17 अप्रैल 2026/ जिले के उद्यमियों और व्यापारियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की बारीकियों से रूबरू कराने के लिए कलेक्टर कार्यालय स्थित प्रेरणा हॉल में 16 अप्रैल 2026 को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम प्रदर्शन को बढ़ाना और उसे गति देना (रैंप) योजना के अंतर्गत "निर्यात प्रक्रियाओं एवं प्रलेखन" पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को निर्यात संबंधी जटिल प्रक्रियाओं और वैश्विक बाजार की संभावनाओं से अवगत कराकर उनकी क्षमताओं का विकास करना था। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उद्योग विभाग के मुख्य महाप्रबंधक श्री अजित सुंदर बिलुंग द्वारा किया गया, जिन्होंने अपने संबोधन में स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने के लिए निर्यात की समझ विकसित करने पर विशेष जोर दिया।  

      कार्यशाला के दौरान तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं, जिसमें उद्योग संचालनालय के अधिकारी श्री जागेश्वर साहू ने औद्योगिक विकास नीति 2024-30 और लॉजिस्टिक पॉलिसी 2025 के प्रावधानों पर विस्तृत प्रकाश डाला। इसी क्रम में निर्यात पीएमयू कंसल्टेंट श्री राहुल नाथ चौधरी ने विदेश व्यापार के तरीकों, आवश्यक पंजीयन प्रक्रिया और निर्यात से संबंधित विभिन्न दस्तावेजों की बारीकियों को विस्तारपूर्वक समझाया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने अपनी जिज्ञासाओं और निर्यात मार्ग में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को भी साझा किया, जिनका विशेषज्ञों द्वारा त्वरित समाधान किया गया।

        इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में डॉ. अली सईद, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र पाण्डे, बस्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स तथा जूनियर चेम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों सहित वन विभाग के अधिकारी श्री अविनाश व श्री प्रवीण कुमार और हस्तशिल्प विभाग के श्री प्रवीर बनीक भी सम्मिलित हुए। बड़ी संख्या में जुटे उद्यमियों और विभागीय कर्मचारियों की मौजूदगी में यह कार्यशाला संपन्न हुई।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।