हर घर तिरंगा एवं नशा मुक्त भारत अभियान पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रिपोर्ट – जय शंकर पांडे
जगदलपुर, 13 अगस्त 2026। भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा बस्तर जिले के अंतिम छोर के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, धनपूंजी में हर घर तिरंगा एवं नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नशामुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाकर की गई।

कार्यक्रम में डॉ. विकास दास ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। नगरनार थाना के उप निरीक्षक श्री सतीश यदु राज ने यातायात नियमों की जानकारी देते हुए नशे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों से नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की।
इस अवसर पर युवा कवि श्री श्रीवर सिंह ठाकुर ने देशभक्ति से ओत-प्रोत काव्य पाठ प्रस्तुत कर विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया। वहीं जगदलपुर के वरिष्ठ साहित्यकार श्री शशांक श्रीधर शेन्डे ने भी अपनी रचनाओं के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया।
ग्राम सरपंच श्रीमती गायत्री नाग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। पालक-शिक्षक संघ की अध्यक्ष सुजाता बिछाई ने भी अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जागरूक किया।
विद्यालय की प्राचार्य पूर्णिमा सरोज ने अतिथियों का स्वागत किया। केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी बी. एस. ध्रुव ने प्रश्नोत्तरी सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद करते हुए हर घर तिरंगा एवं नशा मुक्त भारत अभियान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। कार्यक्रम में कांकेर के दल “लोक रंग सिगार” के 10 कलाकारों द्वारा नाटक एवं गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की तथा देशभक्ति एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
