सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने पर जोर

धान खरीदी की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सर्वोच्च प्राथमिकता से करें सुनिश्चित-कलेक्टर आकाश छिकारा

Nov 17, 2026 - 16:22
सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने पर जोर
CG VARTA -

जगदलपुर, 17 नवम्बर 2026/ कलेक्टर आकाश छिकारा ने समय-सीमा की बैठक में धान उपार्जन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं, ताकि किसानों को धान विक्रय के लिए सहूलियत हो सके। कलेक्टर ने किसानों को ऑनलाइन टोकन प्रदाय के साथ ही आवश्यकतानुसार ऑफलाइन टोकन जारी करने, धान खरीदी केंद्रों में तौल की समुचित व्यवस्था, पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता तथा अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

      कलेक्टर ने अवैध धान की आवक और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए और अवैध धान के परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके लिए स्थापित जांच चैकियों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। साथ ही राजस्व, सहकारिता, मंडी बोर्ड एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से निगरानी और कार्रवाई सुनिश्चित करें।

      बैठक में कलेक्टर ने विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वीकृत रोजगार मूलक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए इन्हें प्राथमिकता के साथ तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकाधिक रोजगार के अवसर सृजित हो सकें और लोगों को स्थानीय स्तर पर आजीविका के साधन उपलब्ध हो सकें।

       कलेक्टर ने समय-सीमा के लंबित आवेदन पत्रों के साथ ही मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त प्रकरणों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों के संबंध में संबंधित आवेदकों से स्वयं संपर्क कर उनकी समस्याओं को समझें और संतुष्टिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। प्रत्येक जिला स्तरीय अधिकारी एवं कार्यालय प्रमुख अपने विभाग से संबंधित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें तथा निराकरण की अद्यतन स्थिति से अवगत रहें, ताकि उच्च स्तर पर होने वाली समीक्षा के दौरान वस्तुस्थिति के साथ जवाब प्रस्तुत किया जा सके।

      कलेक्टर ने बस्तर मुन्ने अभियान के अंतर्गत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत सेचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के हितग्राहियों की जानकारी और डेटा एंट्री का कार्य सप्ताहांत तक पूर्ण करने कहा। इसके साथ ही आधार कार्ड पंजीयन के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा इसकी डेटा एंट्री भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

      बैठक में स्वामित्व योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख प्रदान करने, बाढ़ प्रभावितों को मुआवजा राशि का भुगतान, राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत सहायता राशि वितरण सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में आगामी 25 एवं 26 नवंबर को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक की तैयारी के लिए भी संबधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

      इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत  तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर द्वय  सीपी बघेल एवं डीआर डाहिरे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के खंड कार्यक्रम प्रबंधक, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी और बीआरसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

संपादक – जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।