राजस्व के सभी प्रकरणों का रिकार्ड रखे दुरुस्त- कमिश्नर श्री डोमन सिंह
कमिश्नर ने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के जिलों से राजस्व प्रकरणों की समीक्षा
जगदलपुर 29 जनवरी 2026/ कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने कहा कि बस्तर संभाग के सभी जिलों में राजस्व के सभी प्रकरणों का अद्यतन जानकारी और रिकार्ड दुरुस्त रखें। साथ ही राजस्व अमलों को सक्रीय कर तहसील व हल्कावार राजस्व प्रकरणों के निराकरण में प्रगति लाएं। कमिश्नर श्री सिंह गुरुवार की शाम संभाग के जिलों से वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व प्रकरणों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने अविवादित नामांतरण- बंटवारा के समय सीमा के प्रकरण, भू अभिलेख एवँ भूईयाँ पोर्टल में अद्यतीकरण की स्तिथि, नक्शा बटांकन, डिजीटल हस्ताक्षर की प्रगति, ऋण पुस्तिका का विवरण और अद्यतन की स्तिथि, शासकीय ग़ैर वन भूमि की जानकारी, असर्वेक्षित ग्रामों - मसाहती पट्टों का विवरण, वन अधिकार मान्यता पत्र में फ़ौती नामांतरण के प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही की समीक्षा किए ।

इसके अलावा राजस्व के लंबित प्रकरणों का निराकरण में तेजी लाने, राजस्व रिकार्ड रूम को व्यवस्थित कर स्ट्रांग रूम के तर्ज पर कार्य संचालित करने, तहसील कार्यालय में दस्तावेजों का बेहतर संधारण करवाने और बाढ़ आपदा प्रबंधन के तहत मुख्यमंत्री राहत कोष से प्राप्त राशि का वितरण करवाने के निर्देश दिए । साथ ही कार्यालयों में आधार बेस बायो मेट्रिक उपस्थिति और ई ऑफिस के माध्यम से कार्य सम्पादित करवाने का भी सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने आगामी दिनों में जगदलपुर में आयोजित होने वाले बस्तर पंडूम के संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के संबंध में, सड़क सुरक्षा सप्ताह में सहभागिता निभाते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने हेतु प्रोत्साहित करने के लिए कार्यक्रम करने के लिए भी निर्देशित किया। कमिश्नर कार्यालय के सभाकक्ष में स्थित एनआईसी से कमिश्नर श्री सिंह के साथ डिप्टी कमिश्नर गीता रायस्त, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल सहित वीडियो कांफ्रेसिंग से अन्य जिलों के अपर कलेक्टर जुड़े थे ।
