जगदलपुर नगर निगम की मेयर इन काउंसिल बैठक में 23 कार्यों पर मुहर
सड़क चौड़ीकरण व जल व्यवस्था सुधार के निर्णय
11 मार्च 2026,जगदलपुर / नगरपालिक निगम जगदलपुर में मेयर इन काउंसिल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के विकास से जुड़े कुल 23 कार्यों पर चर्चा की गई। बैठक में दो जारी निविदा कार्यों के प्राप्त न्यूनतम दर की स्वीकृति के लिए शासन को प्रस्ताव प्रेषित करने की अनुशंसा की गई। इसके अलावा 12 कार्य लोक निर्माण विभाग, 4 कार्य राजस्व, बाजार विभाग, 4 कार्य जल प्रदाय शाखा तथा 1 कार्य वाहन शाखा से संबंधित प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में संजय बाजार के 5 दुकानों, नया बस स्टैण्ड परिसर की एक दुकान, पं. दीनदयाल उपाध्याय व्यवसायिक परिसर (बैलाकोठ काम्पलेक्स) की एक दुकान, ईतवारी बाजार के दो दुकानों पर प्राप्त निविदा के अधिकतम दर की स्वीकृति, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने पर जोर दिया गया। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लाल चर्च से नगर निगम बस स्टैंड रोड तक, नयामुंडा रोड से साकेत कॉलोनी तक, डीजे कोर्ट से चांदनी चौक होते हुए सिटी ग्राउंड तक, पुराना पंचायत कार्यालय से डॉ. पाढ़ी हाउस वार्ड क्रमांक 36, छत्रपति शिवाजी वार्ड तक तथा माता गुड़ी से एमपीएम हॉस्पिटल तक सड़क चौड़ीकरण के कार्यों की अनुशंसा की गई।
इन सड़क चौड़ीकरण कार्यों के पूर्ण होने से शहर में यातायात जाम की समस्या में कमी आएगी। आवागमन अधिक सुगम होगा तथा नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

जल प्रदाय शाखा के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों में अवैध नल कनेक्शनों को नियमानुसार जुर्माना लेकर वैध करने की अनुशंसा की गई, जिससे जल वितरण व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित बनेगी। इसके अलावा नालियों से लगी पाइप लाइनों को ऊपर उठाने तथा जर्जर और क्षतिग्रस्त पाइपों के बदलीकरण के कार्य की भी अनुशंसा की गई जिससे जल आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा और लीकेज की समस्या कम होगी।
महापौर संजय पांडेय, अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, राणा घोष, श्रीमती कलावती कसेर, श्रीमती त्रिवेणी रंधारी, श्रीमती श्वेता बघेल, योगेन्द्र पाण्डे, संजय विश्वकर्मा, आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, इंजिनियर अमर सिंह, दीपांशु देवागंन, अशोक कोर्राम, धर्मेन्द्र मिश्रा, दिलीप सिंह मरकाम, गोयल सिंह विमल, संजीव कर्ण, राजस्व अधिकारी श्रीमती मीनाक्षी नाग, बी अनिल पिल्लई, स्वास्थ्य अधिकारी हेमन्त श्रीवास, राकेश यादव उपस्थित रहे।

शहर के विकास को दी जा रही प्राथमिकता, महापौर संजय पांडे
महापौर संजय पांडे ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर के समग्र विकास के साथ नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मेयर इन काउंसिल की बैठक में लिए गए निर्णयों से शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।