भडरीमऊ में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित,मौके पर मिले 243 आवेदन–कलेक्टर श्री आकाश छिकारा

रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

Apr 9, 2026 - 20:38
भडरीमऊ में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित,मौके पर मिले 243 आवेदन–कलेक्टर श्री आकाश छिकारा
CG VARTA -

जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से शासकीय कार्यों और योजनाओं का लेवें लाभ

जगदलपुर 09 अप्रैल 2026/ जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से दरभा विकासखंड अन्तर्गत ककालगुर के भडरीमऊ में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित हुए और अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के समक्ष रखीं। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से शासकीय कार्यों और योजनाओं का लाभ लेवें। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में संवाद किया और उनके सुझाव, समस्या को भी सुना।

        इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा ने कहा कि चार दशक से चली आ रही एक बड़ी समस्या खत्म हुई है, अब सड़क, बिजली और अन्य विकास के कार्यों को अब गति दी जा रही है, प्रशासन आपके पास पहुंचा है आप अपनी दिक्कतों का निराकरण करवायें। उन्होंने ग्रामीण से नजदीकी थाना का संज्ञान लिया और कहा कि कोई समस्या या दिक्कत हो तो थाने में और नजदीकी पुलिस कैम्प में जाकर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

        शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। अधिकारियों ने मौके पर ही कई समस्याओं का निराकरण किया, वहीं कुल 243 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस अवसर पर विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री भी वितरित की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, पेंशन योजनाएं सहित अन्य लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनसे अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

        कार्यक्रम में दरभा जनपद अध्यक्ष श्रीमती मानकदई कश्यप, उपाध्यक्ष श्री हरिप्रसाद, जिला पंचायत सदस्य श्रीमति सम्पत्ति, अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारियों द्वारा उद्यानिकी विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग, श्रम विभाग, राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, पशुपालन विभाग, मछली पालन विभाग के हितग्राहियों को सामग्री, चेक, स्वीकृति पत्र का वितरण किया गया। प्रशासन द्वारा आयोजित शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ मिला, जिससे उन्हें काफी सुविधा हुई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, अति. पुलिस अधीक्षक श्री महेश्वर नाग, सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे, एसडीएम श्री शंकर लाल सिन्हा, जनपद सीईओ श्री बीरेन्द्र बहादुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।

जय शंकर पांडे 91 97707 07305 छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ , छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय वेब पोर्टल है। जो छत्तीसगढ़ राज्य के साथ देश के सभी राज्यों से समाचार संकलन कर प्रदर्शित करता है। जिसमें राजनीति, अपराध, मनोरंजन,खेल, फिल्मी जगत, जैसे तमाम प्रकार के समाचारों को प्रदर्शित करता है। हमारा उद्देश्य देश की जनता तक सही जानकारी और खबरों को पूरी सच्चाई के साथ दिखाना है। संवाददाता अपनी रूचि से खबरों को प्रेषित करता है। इसमें छत्तीसगढ़ वार्ता न्यूज़ वेब पोर्टल का किसी भी प्रकार का ,जवाबदार नहीं है।